मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स करेगी श्रीलंका की कोलंबो डॉकयार्ड का अधिग्रहण
मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स 442 करोड़ रुपये में श्रीलंका की कोलंबो डॉकयार्ड कंपनी का अधिग्रहण करेगी, सौदे में जापानी हिस्सेदारी भी शामिल।
भारत की प्रमुख सरकारी जहाज निर्माण कंपनी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) श्रीलंका स्थित कोलंबो डॉकयार्ड लिमिटेड में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने जा रही है। यह अधिग्रहण करीब 442 करोड़ रुपये में तय हुआ है।
इस सौदे में जापान की ओनोमिशी डॉकयार्ड कंपनी के शेयरों की खरीद भी शामिल है, जिसने कोलंबो डॉकयार्ड से बाहर निकलने का फैसला किया है। इसके साथ ही मझगांव डॉक श्रीलंकाई कंपनी द्वारा जारी की जाने वाली नई प्रतिभूतियां भी खरीदेगी।
इस निवेश का कुल मूल्य लगभग 2 करोड़ 30 लाख डॉलर होगा। यह सौदा भारत की समुद्री रक्षा क्षमताओं के विस्तार और क्षेत्रीय प्रभाव को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।