भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर डॉ. बी. आर. आम्बेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया
भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने आज संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और कांग्रेस पर बी.आर. आम्बेडकर के अपमान का आरोप लगाया। पार्टी सदस्यों ने हाथ में तख्तियों लेकर इस मुद्दें पर विपक्ष

भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने आज संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और कांग्रेस पर बी.आर. आम्बेडकर के अपमान का आरोप लगाया। पार्टी सदस्यों ने हाथ में तख्तियों लेकर इस मुद्दें पर विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। मीडिया से बातचीत में पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि नेहरू गांधी परिवार ने हमेशा डॉक्टर आम्बेडकर का अपमान किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जवाहर लाल नेहरू ने स्वयं डॉक्टर आम्बेडकर के विरुद्ध षडयंत्र कर उन्हें चुनाव में हरवाया और राजनीति छोड़ने पर मजबूर किया। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की तीन पीढियों ने डॉक्टर बाबा साहेब आम्बेडकर को भारत रत्न नहीं दिया और पुरानी संसद के केन्द्रीय कक्ष में उनका चित्र नहीं लगने दिया।
इस बीच, विपक्षी दलों ने भी डॉक्टर बी.आर. आम्बेडकर पर केन्दीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर संसद भवन परिसर में विरोध-प्रदर्शन जारी रखा। कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कडगम, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, वामपंथी पार्टियों और अन्य दलों के विपक्षी सांसद, गृहमंत्री के विरूद्ध प्रदर्शन में भाग लिया। विपक्षी सदस्यों ने संसद परिसर में जुलूस निकालकर श्री शाह से माफी की मांग की। मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद खुद को बचाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।