वाराणसी में गोवर्धन पूजा की भव्य शोभा यात्रा, नमो घाट तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
वाराणसी में दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। लहुराबीर से शुरू हुई यह पारंपरिक यात्रा नमो घाट पर संपन्न हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालु और सैकड़ों झांकियां शामिल थीं।

वाराणसी में दीपावली के बाद आज पारंपरिक गोवर्धन पूजा की धूम देखने को मिली। हर वर्ष की तरह इस बार भी गोवर्धन शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जो लहुराबीर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई नमो घाट पर जाकर संपन्न हुई।
इस भव्य शोभा यात्रा में राधा-कृष्ण और भगवान शंकर की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जुलूस में शामिल कलाकारों ने लाठी चालान और पारंपरिक युद्धकला का प्रदर्शन कर लोगों का मनोरंजन किया।
सैकड़ों झांकियों और हजारों श्रद्धालुओं के साथ यह शोभा यात्रा काशी की प्राचीन धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक बन गई। पूरे मार्ग पर सड़क किनारे खड़े लोगों ने जयकारों के साथ इस अद्भुत दृश्य का आनंद लिया।
वाराणसी की यह शोभा यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह शहर की सांस्कृतिक जीवंतता और सामाजिक एकता का भी संदेश देती है।