बक्सर की चार विधानसभा सीटों पर 52 उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला, जिलाधिकारी ने की शांतिपूर्ण मतदान की अपील
बक्सर जिले की चार विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा। कुल 52 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिलाधिकारी ने जनता से अधिक से अधिक मतदान करने और आचार संहिता का पालन करने की अपील की।

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बक्सर जिले की चार सीटों पर 6 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। जिले में कुल 52 उम्मीदवार मैदान में हैं, जो मतदाताओं का विश्वास जीतने के लिए जोरदार प्रचार में जुटे हुए हैं।
जिलाधिकारी बक्सर श्री विद्यानंद सिंह ने बताया कि जिले की चारों विधानसभा सीटों — बक्सर, राजपुर, डुमरांव और ब्रह्मपुर — से कुल 52 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें बक्सर से 15, राजपुर से 13, डुमरांव से 16 और ब्रह्मपुर से 8 उम्मीदवार अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 6 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि मतदान हर नागरिक का अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है, इसलिए सभी लोग निर्भीक होकर वोट डालें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन करना होगा। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।