ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने हिंदू, जैन और सिख समुदाय को दी दीपावली की शुभकामनाएं

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और यूके उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने हिंदू, जैन और सिख समुदाय को दीपावली और बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रोशनी, खुशियों और एकता का संदेश साझा किया।

ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने हिंदू, जैन और सिख समुदाय को दी दीपावली की शुभकामनाएं

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार को दीपावली और बंदी छोड़ दिवस के अवसर पर हिंदू, जैन और सिख समुदाय के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह रोशनी का त्योहार खुशियों, एकता और नई उम्मीदों का प्रतीक है।

स्टार्मर ने अपने भारत दौरे को याद करते हुए बताया कि इस महीने की शुरुआत में उन्होंने मुंबई में एक दिया जलाया, जो भक्ति, आनंद और मजबूत हुए रिश्तों का प्रतीक है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “ब्रिटेन के सभी हिंदू, जैन और सिख समुदाय को आनंदमय और शांतिपूर्ण दीपावली व बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएं। आइए हम एक ऐसे ब्रिटेन का निर्माण करें जहां हर कोई उम्मीद के साथ आगे देख सके।”

9 अक्टूबर को मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कीर स्टार्मर ने हिंदी में कहा था, “जैसे ही हम इस त्योहारों के मौसम में प्रवेश कर रहे हैं, मैं भारत के लोगों को खुशी और समृद्धि की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। दीपावली की शुभकामनाएं।”

इस बीच, भारत में ब्रिटेन के उच्चायोग ने भी दीपावली मनाई। इस अवसर पर दूतावास के अधिकारी पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आए और रंगोली बनाकर जश्न मनाया। यूके की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “भारत में अपने अद्भुत दल के साथ अपनी दूसरी दीपावली मनाने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। इस वर्ष का जश्न खास है। प्रधानमंत्री मोदी की यूके यात्रा और प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की भारत यात्रा, ऐतिहासिक व्यापार समझौते और #Vision2035 की शुरुआत इस जश्न को विशेष बनाती है। मैं सभी को बहुत-बहुत शुभ दीपावली की शुभकामनाएं देती हूं। आने वाला वर्ष आपके और आपके परिवार के लिए उज्जवल और आनंदमय हो।”

यूके उच्चायोग ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, “भारत, ब्रिटेन और दुनिया भर में दीपावली मनाने वाले सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं।” दीपावली अच्छाई पर बुराई, प्रकाश पर अंधकार और ज्ञान पर अज्ञान की विजय का प्रतीक है और यह त्योहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, एकता और सद्भाव का संदेश विश्वभर में फैलाता है।