विश्व के समक्ष आगे बढ़ने के लिए सबसे सशक्त मंत्र है - लोकतंत्र प्रथम, मानवता प्रथम: पीएम मोदी
गयाना की संसद के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा विश्व के समक्ष आगे बढ़ने के लिए सबसे सशक्त मंत्र है - लोकतंत्र प्रथम, मानवता प्रथम।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि समावेशी समाज के निर्माण के लिए लोकतंत्र से बढ़कर कोई साधन नहीं है। आज शाम गयाना की संसद के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा विश्व के समक्ष आगे बढ़ने के लिए सबसे सशक्त मंत्र है - लोकतंत्र प्रथम, मानवता प्रथम। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र हमारे डीएनए, हमारे विजन और हमारे आचरण में है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व के किसी भी देश मे संकट के दौरान भारत का निष्ठापूर्ण प्रयास सबसे आगे होगा और सबसे पहले मदद के लिए हाथ बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि भारत और गयाना के बीच विशेष संबंध हैं। 180 वर्ष पहले एक भारतीय सबसे पहले गयाना आया और उसके बाद से भारत और गयाना हमेशा एक दूसरे के निकट रहे। श्री मोदी ने कहा कि गयाना में भारतीयों की पहुंच से संबंधित स्मारक इस निकटता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गयाना ने कल उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया और इसके लिए वे गयाना के सभी नागरिकों के आभारी हैं।