पंजाब बाढ़ का जायजा लेने गुरुवार को पहुंचेंगे कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्र सरकार ने दी हरसंभव मदद की आश्वासन
पंजाब में बाढ़ से भारी तबाही के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। केंद्र सरकार ने राज्य को हरसंभव सहायता देने का भरोसा जताया है।

पंजाब में लगातार हो रही भारी बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण आई भीषण बाढ़ ने हालात गंभीर बना दिए हैं। इसी स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को पंजाब पहुंचेंगे। इससे पहले उन्होंने बुधवार को राज्यपाल और मुख्यमंत्री से चर्चा कर बाढ़ की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्होंने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से बातचीत कर स्थिति का आकलन किया है। उन्होंने कहा, “मैं गुरुवार सुबह पंजाब पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अपने भाई-बहनों से मिलूंगा। संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार पूरी मजबूती के साथ पंजाब के भाई-बहनों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी।”
पंजाब में बाढ़ का असर अब तक कम से कम 12 जिलों में देखने को मिला है। पटियाला, जालंधर, कपूरथला, नवांशहर, रूपनगर, मोगा, लुधियाना, बरनाला और संगरूर जैसे जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण अब तक करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, राज्य के 1,300 से ज्यादा गांव जलमग्न हो गए हैं और लगभग तीन लाख एकड़ कृषि भूमि बर्बाद हो चुकी है। खासतौर पर धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है, जो कटाई के मौसम से ठीक पहले बर्बाद हो गई है।
भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में भारी बारिश से स्थिति और बिगड़ सकती है।
फिलहाल राज्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। टीमें दिन-रात काम कर रही हैं ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके और जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंच सके। हालांकि, लगातार बढ़ता जलस्तर बचाव कार्यों के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है।