बॉयलर धमाका... चारों तरफ मलबा, धूल और धुआं फैला

प्याऊ मनियारी-नरेला रोड स्थित दहिया कॉलोनी की कत्था फैक्टरी में देर रात धमाके के बाद चारों तरफ मलबा फैल गया था।हादसे के बाद चारों तरफ धूल और धुएं का गुबार नजर आ रहा था।

बॉयलर धमाका... चारों तरफ मलबा, धूल और धुआं फैला

राई (सोनीपत)। प्याऊ मनियारी-नरेला रोड स्थित दहिया कॉलोनी की कत्था फैक्टरी में देर रात धमाके के बाद चारों तरफ मलबा फैल गया था।हादसे के बाद चारों तरफ धूल और धुएं का गुबार नजर आ रहा था।

कत्था फैक्टरी में देर रात करीब साढ़े 11 बजे जोरदार धमाके के साथ बॉयलर फटा था। घटना के समय फैक्टरी में 10-12 श्रमिक मौजूद थे। धमाके से फैक्टरी की छत ढह गई और चारों तरफ मलबा, धूल व धुआं फैल गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ श्रमिकों ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बावजूद कुछ श्रमिक मलबे में दब गए, जिनमें से अहीरोलिया के गुलाबी कुर्मी (45) व गांव भीकमपुर निवासी ब्रजेश (27) का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं बिहार के जिला मोतिहारी के गांव मठ लोहिया निवासी सुखदेव का सुराग नहीं लग सका है। बेटे कन्हैया ने बताया कि उनके पिता रात को फैक्टरी में आए थे। उनके अंदर होने का अंदेशा है। दूसरी तरफ हादसे के बाद राहत-बचाव के लिए दमकलकर्मियों के साथ एनडीआरएफ व आसपास के लोग लगे रहे। पूरी बिल्डिंग ढह जाने के डर से एनडीआरएफ को बुलाया गया था। टीम सीमित संसाधनों के बीच मलबा हटाने में लगी रही।

200 मीटर में बने भवन क्षतिग्रस्त, छत गिरने के साथ दीवारों में आई दरारें

कत्था फैक्टरी में कत्था फैक्टरी में चार बॉयलर हैं। धमाके के साथ बॉयलर फटने से करीब 200 मीटर क्षेत्र में बने भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दो मकानों की छतें गिरी हैं, वहीं कई अन्य मकानों की दीवारों व छतों में दरारें आई हैं। इस घटना के बाद से प्रभावित लोगों ने न केवल मुआवजे की मांग की है, बल्कि रिहायशी क्षेत्र से ऐसी फैक्टरियों को शिफ्ट किए जाने की मांग उठाई है।