अहमदाबाद विमान हादसा: 31 मृतकों के डीएनए नमूनों का मिलान, 12 शव परिजनों को सौंपे गए

अहमदाबाद विमान हादसे में 31 मृतकों के डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है। 12 शव परिजनों को सौंपे गए हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के डीएनए की पुष्टि अभी बाकी है।

अहमदाबाद विमान हादसा: 31 मृतकों के डीएनए नमूनों का मिलान, 12 शव परिजनों को सौंपे गए

अहमदाबाद में हाल ही में हुए विमान हादसे से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। इस हादसे में मारे गए 31 लोगों के डीएनए नमूनों का मिलान हो चुका है। अब तक 12 शवों को उनके परिजनों को सौंपा जा चुका है।

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि जिन मृतकों के डीएनए की पुष्टि हो गई है, उनके शव विधिपूर्वक उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।

प्रत्येक मृतक के परिवार की मदद के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, जिसमें एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, एक पुलिसकर्मी और एक प्रशिक्षित परामर्शदाता शामिल है। यह टीम परिजनों को मानसिक और कानूनी सहायता उपलब्ध करा रही है।

डॉ. पटेल ने यह भी बताया कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, क्योंकि उनके डीएनए की रिपोर्ट अभी लंबित है। पुष्टि होते ही उनका शव भी उनके परिवार को सौंप दिया जाएगा।

हादसे के बाद से ही सिविल अस्पताल प्रशासन लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।