बख्तियारपुर में भाजपा प्रचार रथ पर राजद कार्यकर्ताओं का हमला, कई वाहन क्षतिग्रस्त
बिहार के बख्तियारपुर में भाजपा प्रचार रथ पर राजद कार्यकर्ताओं ने हमला किया। हमले में कई रथ क्षतिग्रस्त हुए और चालकों के साथ मारपीट भी हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में राजनीतिक टकराव बढ़ने लगा है। पटना से रवाना हुए भाजपा के प्रचार रथ पर शुक्रवार को बख्तियारपुर में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया। इस हमले में करीब आधा दर्जन रथों को क्षति पहुंचाई गई, जबकि कई चालकों के साथ मारपीट भी की गई। हमलावरों ने डंडों और पत्थरों से हमला कर वाहनों को बुरी तरह तोड़फोड़ दिया।
हमले के बाद प्रचार रथों के चालकों ने बताया कि उन्हें अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। किसी तरह सभी वाहन क्षतिग्रस्त अवस्था में बख्तियारपुर से मोकामा पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष शैलेंद्र प्रसाद से मुलाकात की। जिला अध्यक्ष ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मोकामा और हाथीदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मोकामा थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित चालकों से लिखित आवेदन लिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
गौरतलब है कि इस प्रचार रथ को एक दिन पहले ही उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। दिलचस्प बात यह है कि उसी दिन राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ की शुरुआत भी की थी। उनकी यात्रा शुक्रवार को बख्तियारपुर, बाढ़ और मोकामा होते हुए बेगूसराय रवाना हुई।
बताया जा रहा है कि बख्तियारपुर में पहले से मौजूद राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रचार रथ को देखते ही हमला कर दिया। चुनावी मौसम में हुई इस घटना ने राजनीतिक सरगर्मी और अधिक बढ़ा दी है।