राष्ट्रीय खेल दिवस पर सीएम योगी ने खेला हॉकी, दिलाई फिट इंडिया की शपथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की, हॉकी खेली और लोगों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई।

लखनऊ में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और हॉकी के शानदार शॉट लगाए। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई।
सीएम योगी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की स्मृति को आगे बढ़ाना उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का नामकरण भी मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर कमिश्नरी में एक-एक स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में देश में नई क्रांति आ रही है। उत्तर प्रदेश में खेल गतिविधियों को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है और नई खेल नीति लागू कर दी गई है।
इस नई नीति से खिलाड़ियों को बेहतर मंच, उच्चस्तरीय कोच और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा, जिससे प्रदेश और देश में खेलों का भविष्य और मजबूत होगा।