प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं, शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से भेजा देश को संदेश
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुए। पीएम मोदी ने शुभकामनाएं दीं, नासा ने सफल लॉन्च की पुष्टि की।

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के तहत तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए रवाना हो गए हैं। यह ऐतिहासिक उड़ान अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए से 25 जून को दोपहर 12:01 बजे (भारतीय समयानुसार) सफलतापूर्वक लॉन्च की गई।
शुभांशु शुक्ला इस मिशन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं। उन्होंने अंतरिक्ष में पहुंचते ही देशवासियों को संदेश भेजा, जिसे लेकर पूरे देश में गर्व और उत्साह का माहौल है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर गए स्पेस मिशन के सफल लॉन्च का स्वागत करते हैं। भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वे अपने साथ 1.4 अरब भारतीयों की इच्छाएं और उम्मीदें लेकर गए हैं।"
नासा ने भी मिशन की पुष्टि करते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि एक्सिओम मिशन 4 के तहत चार निजी अंतरिक्ष यात्री 14 दिनों की अवधि के लिए स्पेस स्टेशन पर गए हैं।
यह मिशन भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ रहा है, जहां एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री निजी स्पेस मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।