बिहार में विकास योजनाओं की बौछार: सम्राट चौधरी

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज कहा कि बीते तीन दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। इस दौरान न केवल राज्यभर में झमाझम बारिश हुई, बल्कि योजनाओं की भी झमाझम बौछार देखने को मिली।

बिहार में विकास योजनाओं की बौछार: सम्राट चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि बीते तीन दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। इस दौरान न केवल राज्यभर में झमाझम बारिश हुई, बल्कि योजनाओं की भी झमाझम बौछार देखने को मिली। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिवान दौरे में करोड़ों रुपये की योजनाएं जनता को समर्पित की गईं। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सामाजिक सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया।”

सामाजिक सुरक्षा पेंशन में ऐतिहासिक बढ़ोतरी:

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्राप्त जन फीडबैक और महिला संवाद कार्यक्रम

से मिली प्रतिक्रियाओं के आधार पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में बड़ी वृद्धि की गई है।

अब वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन  को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह

कर दिया गया है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम  बताया।

हर पंचायत में बनेगा कन्या विवाह भवन:

चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रत्येक पंचायत में 'कन्या विवाह भवन' निर्माण की स्वीकृति दे दी है। यह भवन जीविका दीदी और स्वयं सहायता समूहों  के माध्यम से संचालित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त किया जा सकेगा।

माँ सीता मंदिर का निर्माण:

उन्होंने यह भी बताया कि राम मंदिर की तर्ज पर अब बिहार सरकार माँ सीता के जन्मस्थली पर एक भव्य मंदिर का निर्माण कराएगी। यह आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

विपक्ष पर हमला:

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, “अगर किसी को बिहार में विकास नहीं दिखता, तो उन्हें पटना एयरपोर्ट गंगा रिवर फ्रंट (मरीन ड्राइव) और नई सड़क परियोजनाएं  दिखाइए। आज का बिहार तेज़ी से बदल रहा है — इसे नकारा नहीं जा सकता।”