प्रधानमंत्री मोदी की 75वीं जयंती पर पूरे देश में प्रदर्शित हो रही फिल्म चलो जीते हैं

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म चलो जीते हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन की बचपन की घटना पर आधारित है, उनकी 75वीं जयंती पर देशभर के लाखों स्कूलों और 500 से अधिक सिनेमा हॉल में प्रदर्शित की जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी की 75वीं जयंती पर पूरे देश में प्रदर्शित हो रही फिल्म चलो जीते हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 75वीं जन्म जयंती को विशेष बनाने के लिए आज पूरे देशभर में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म चलो जीते हैं का विशेष प्रदर्शन किया जा रहा है। यह फिल्म लाखों स्कूलों और करीब 500 सिनेमा हॉल में दिखाई जा रही है।

यह प्रेरणादायक फिल्म प्रधानमंत्री मोदी के बचपन की एक घटना पर आधारित है। इसमें एक छोटे बालक ‘नरु’ की कहानी दिखाई गई है, जो स्वामी विवेकानंद के विचारों से गहराई से प्रभावित होता है और अपने छोटे से संसार में बदलाव लाने की कोशिश करता है।

फिल्म का निर्देशन मंगेश हडवाले ने किया है और इसे आनंद एल. राय तथा महावीर जैन ने प्रस्तुत किया है। 2018 में रिलीज हुई इस लघु फिल्म को दर्शकों ने खूब सराहा था और यह उस वर्ष की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली शॉर्ट फिल्मों में शामिल रही थी।

चलो जीते हैं को परिवारिक मूल्यों पर आधारित सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म के लिए 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (2019) से सम्मानित किया गया था।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इसे स्वामी विवेकानंद की दर्शन और विचारधारा को समर्पित सिनेमाई श्रद्धांजलि बताया है। मंत्रालय का मानना है कि यह फिल्म निस्वार्थ सेवा और समाजहित के संदेश को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में मदद करेगी।

फिल्म का विशेष पुनःप्रदर्शन कल से शुरू हुआ है और 2 अक्टूबर तक देशभर में जारी रहेगा।