लखनऊ से शुरू हुआ “सेवा पखवाड़ा”, पीएम मोदी के 75वें जन्मदिवस पर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर लखनऊ से “सेवा पखवाड़ा” की शुरुआत हुई। गांधी जयंती तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत स्वच्छता अभियान और प्रतिमा सफाई से हुई, जिसमें मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने हिस्सा लिया।

विश्वप्रसिद्ध भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर बुधवार को राजधानी लखनऊ में “सेवा पखवाड़ा” की शुरुआत हुई। यह विशेष अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 (गांधी जयंती) तक पूरे प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ के ऐतिहासिक हजरतगंज चौराहे से हुई। इस अवसर पर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्वच्छता अभियान में शामिल होकर जनता को जनजागरण और स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा की धुलाई और सफाई से की गई। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं की सफाई कर माल्यार्पण किया गया।
मंत्री सुरेश खन्ना ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना स्वच्छ भारत है और यह सेवा पखवाड़ा उसी दिशा में जनजागरण का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने और महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
हजरतगंज क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नगर निगम के कर्मचारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने मिलकर साफ-सफाई कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, वरिष्ठ नगर निगम अधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन का संस्कार बनना चाहिए। यदि हर नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी मानेगा तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव होगा।”