हरदोई की बेटी दीक्षा ने रचा इतिहास: UGC-NET में 99.98% अंक
UGC-NET 2025 में हरदोई की दीक्षा द्विवेदी ने 99.98% अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। भारत सरकार से उन्हें 28 लाख की शोध प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
हरदोई के बिलग्राम कस्बे की रहने वाली दीक्षा द्विवेदी ने UGC-NET परीक्षा 2025 में 99.98% अंक प्राप्त कर देशभर में जिले का नाम रोशन कर दिया है। यह उपलब्धि सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मल्लावां-बिलग्राम क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बन गई है।
दीक्षा, मलकंठ मोहल्ला निवासी रिटायर्ड मेजर व विश्व हिंदू परिषद के समरसता प्रमुख विद्यारतन द्विवेदी की पुत्री हैं। उनकी माता का नाम सीता द्विवेदी है। दीक्षा की मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें शोध कार्य हेतु कुल ₹28 लाख की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि उन्हें प्रति माह ₹45,000 की दर से अनुसंधान के लिए प्रदान की जाएगी।
दीक्षा की प्रारंभिक शिक्षा जोधपुर स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल से हुई थी। पाँचवीं कक्षा तक वहीं अध्ययन के बाद उन्होंने हरदोई के श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल से 6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई की। तत्पश्चात उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बी.एल.एड. और एम.ए. की डिग्री प्राप्त की।
उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। दीक्षा की यह उपलब्धि न केवल शिक्षा में उत्कृष्टता का उदाहरण है, बल्कि यह क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बन चुकी है।
यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि यदि सच्ची लगन और निरंतर मेहनत हो, तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। दीक्षा की इस उपलब्धि ने यह दिखा दिया है कि छोटे शहरों से भी राष्ट्रीय स्तर पर चमकने वाले सितारे निकलते हैं।