महाकुम्भ में महारिकॉर्ड : 566 वेदपाठियों ने किया 794 घंटे तक मंत्र जाप

महाकुम्भ 2025 में दिव्य ज्योति वेद मंदिर द्वारा आयोजित अखंड रुद्रीपाठ महा दिव्यानुष्ठानम् ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त करते हुए विश्व का सबसे बड़ा रिले जाप का विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है।

महाकुम्भ में महारिकॉर्ड : 566 वेदपाठियों ने किया 794 घंटे तक मंत्र जाप

महाकुम्भ के आयोजन के साथ महा रिकॉर्ड भी बन रहा है। 50 करोड़ श्रद्धालुओं का आंक़ड़ा पहले ही पार हो चुका है। इसके साथ ही एक और महा रिकॉर्ड बना है। महाकुम्भ में दिव्य ज्योति वेद मंदिर द्वारा आयोजित अखंड रुद्रीपाठ महा दिव्यानुष्ठानम् ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त करते हुए विश्व का सबसे बड़ा रिले जाप का विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है।

इस आयोजन में 566 ब्रह्मज्ञानी वेदपाठी वि‌द्वानों ने 11 हजार 151 बार रुद्रीपाठ संहिता का पवित्र पाठ किया है। यह अखंड पाठ  33 दिनों तक ( 794 घंटे ) तक अनवरत चलता रहा। 14 जनवरी 2025 से प्रारंभ हुआ यह अनुष्ठान, 16 फरवरी 2025 को वैदिक आरती एवं महायज्ञ के साथ संपन्न हुआ।

यह महाअनुष्ठान भारत की प्राचीन वैदिक परंपरा के गौरव को पुर्नस्थापित करने वाला अद्वितीय आध्यात्मिक आयोजन हुआ। जिसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। 

दिव्य ज्योति वेद मंदिर के सचिव नरेंद्रानंद ने कहा कि अखंड रुद्री पाठ महा दिव्यानुष्ठानम् का उद्देश्य विश्व शांति, आध्यात्मिक उन्नति, और सामाजिक एवं पर्यावरणीय विकास की स्थापना करना है। यह आयोजन आध्यात्मिक विरासत का अंतरराष्ट्रीय मंच पर सशक्त प्रस्तुतीकरण भी है। साथ ही दिव्य ज्योति मंदिर की संयोजिका दीपिका भारती ने बताया कि इस अनुष्ठान में नारियों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है।