राजगीर से होगी हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत, पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों और टीमों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह टूर्नामेंट आने वाली पीढ़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करेगा।

29 अगस्त को जब देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाएगा, उसी दिन बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर से पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत होगी। इस विशेष मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों और टीमों को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि यह आयोजन एशिया और भारत की आने वाली पीढ़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “29 अगस्त, जो राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती है, से राजगीर में पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत होगी। मैं सभी टीमों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और समर्थकों को शुभकामनाएं देता हूं।”
उन्होंने कहा कि भारत और एशिया के करोड़ों लोगों के दिलों में हॉकी का हमेशा खास स्थान रहा है। यह टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबलों, असाधारण प्रतिभाओं और अविस्मरणीय पलों से भरा होगा, जो भविष्य की पीढ़ियों को खेल भावना के लिए प्रेरित करेगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि हाल के वर्षों में बिहार बड़े खेल आयोजनों का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने लिखा, “यह गर्व की बात है कि बिहार हॉकी एशिया कप 2025 की मेजबानी कर रहा है। हाल में यहां खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, एशिया रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप 2025, सेपकटकरॉ वर्ल्ड कप 2024 और विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 जैसे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं। यह सब बिहार के विकसित होते खेल ढांचे और नई प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
इस बार टूर्नामेंट की टीमें दो समूहों में बंटी हैं। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें जापान, चीन और कजाकिस्तान शामिल हैं। ग्रुप-बी में बांग्लादेश, साउथ कोरिया, मलेशिया और चीनी ताइपे खेलेंगे। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 29 अगस्त को चीन के खिलाफ खेलेगी, 31 अगस्त को जापान से भिड़ेगी और 1 सितंबर को कजाकिस्तान से मुकाबला करेगी।