पश्चिम एशिया में तनाव से घरेलू शेयर बाजार में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
पश्चिम एशिया में तनाव और कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण भारतीय शेयर बाजार में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल।

पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार में आज गिरावट देखी गई। दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स करीब 599 अंक गिरकर 81,809 और निफ्टी 171 अंक की गिरावट के साथ 24,941 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अधिकांश एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट रही। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स इंडेक्स 0.2 प्रतिशत नीचे रहा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.1 प्रतिशत से अधिक गिरा और जापान का निक्केई 225 इंडेक्स भी 0.1 प्रतिशत से अधिक टूट गया। हालांकि, चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 0.7 प्रतिशत और हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स में 0.6 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई।
उधर, कच्चे तेल के दामों में तेज उछाल देखा गया। ईरान की परमाणु सुविधाओं पर अमरीकी हमले और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की ईरान की धमकी के बाद वैश्विक तेल आपूर्ति पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यह मार्ग दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति के लिए जिम्मेदार है।
ताजा जानकारी के अनुसार, ब्रेंट क्रूड 1.4 प्रतिशत बढ़कर 78.09 डॉलर प्रति बैरल और वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट क्रूड 1.4 प्रतिशत की तेजी के साथ 74.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।